मंगलायतन विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी आगरा का एक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया। जिसमें बीएससी व एमएससी के विद्यार्थी शामिल रहे। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को फोरेंसिक विज्ञान की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
कुलसचिव ब्रिगेडियर समरवीर सिंह ने विद्यार्थियों को रवाना करते हुए विशेषज्ञों से सीखने और फोरेंसिक तकनीकों को समझने के लिए प्रेरित किया। शोध एवं विकास संकाय के डीन प्रो. रवि कांत ने कहा फोरेंसिक विज्ञान भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान का समन्वय करता है। जिससे अपराधों की गहराई से जांच की जा सकती है। विभागाध्यक्ष प्रो. मनीषा शर्मा ने कहा भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अनूठा अनुभव रहा।
फोरेंसिक साइंस प्रयोगशाला में वैज्ञानिक अधिकारी चंद्र मोहन श्रीवास्तव ने फोरेंसिक जीव विज्ञान विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उपनिदेशक सुधीर कुमार गुप्ता ने बैलिस्टिक विश्लेषण और भौतिक साक्ष्यों की जांच के वैज्ञानिक तरीकों के बारे में बताया। वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक संजय राव व वैज्ञानिक अधिकारी अशोक कुमार ने आग्नेयास्त्रों की जांच और विश्लेषण की प्रक्रिया समझाई। अशोक कुमार ने डीएनए प्रोफाइलिंग, विस्फोटक अवशेष विश्लेषण और विषैले पदार्थों की जांच के तरीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के साथ फोरेंसिक विज्ञान से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाओं पर चर्चा की। शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा। इस अवसर पर डा. हिबाह इस्लाही, डा. रवि शेखर व श्रेष्ठ उपाध्याय आदि थे।
विद्यार्थियों ने फोरेंसिक साइंस लैब आगरा का किया शैक्षिक भ्रमण
